प्रकृति के लिए कुछ करने का मन हो तो कोई भी चीज रोड़ा नहीं बन सकती। पर्यावरण के प्रति प्रेम करने वाले लोग तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए काम करते हैं। कुछ ऐसा ही काम कर रहे हैं पंजाब के रहने वाले कमल शर्मा। उन्होंने बताया कि पहले वह खुद ही पेड़ पौधे लगाया करते थे। कुछ दिनों बाद उन्होंने आस-पड़ोस के लोगों के साथ एक छोटी सी टोली बनाई और उसके साथ काम करना शुरू किया।
हरियावल पंजाब की ओर से उन्होंने कई जगह सोलर लाइटें लगाई हैं। इसके साथ उन्होंने प्लास्टिक बोतलों के जरिए इकोब्रिक्स का भी निर्माण किया है। कमल शर्मा बताते हैं कि पहले वह लोगों को पेड़ देकर चले आते थे, लेकिन उससे उन्हें कोई फायदा समझ में नहीं आया। इसके बाद उन्होंने पेड़ देने के बजाय उसे खुद लगाना शुरू किया।
कमल के अनुसार जिन फल को खाकर हम गुठलियों को फेंक देते हैं, अब उन्हीं गुठलियों के जरिए हमने पौधे तैयार किए हैं। एक गुठली चैलेंज को शुरू करके हमने छोटे जंगल बनाए हैं। इसके साथ उन्होंने आयुर्वेदिक पौधे भी लगाए हैं। उन्होंने बताया कि हमने करीब 13 तरह के आयुर्वेदिक पौधे लगाने के साथ लोगों में बांटा भी है।
उन्होंने जानकारी दी कि उनकी टोली के सदस्यों ने स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को भी पर्यावरण के प्रति जागरूक किया है। उनकी टोली ने बच्चों को बताया है कि किस तरह से किचन गार्डनिंग की जा सकती है और इसके साथ ही कचरे को खाद में कैसे परिवर्तित किया जा सकता है। इसके साथ बच्चों को पत्तियों के जरिए पेड़ की पहचान भी कराई। कमल ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि हमें इन कामों के परिणाम भी दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस काम के जरिए बहुत सारे लोग उन्हें अब जानने लगे हैं।
